शिक्षा

बक्सर की शैक्षिक गतिविधियों को नई पहचान देने वाली ‘बोधिका’ का लोकार्पण

मासिक शैक्षिक ई-पत्रिका का अगस्त अंक जारी

‘बोधिका’ शैक्षिक गतिविधियों, नवाचारों, शिक्षकों के अनुभवों एवं विद्यार्थियों की प्रतिभावों को साक्षा करने का सशक्त माध्यम – डीईओ इन्द्र कुमार कर्ण

ई-पत्रिका का लोकार्पण करते जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य

नारद टाइम्स/बक्सर/डुमरांव :- बिहार में हो रहे शैक्षणिक सुधार एवं सरकारी विद्यालयों में बेहतर हो रहे शिक्षा के माहौल के बीच यह खबर जिले के लिए सकारात्मक है । जहां जिले में शैक्षिक नवाचार, शिक्षकों की रचनात्मकता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को मंच प्रदान करने वाली शिक्षा विभाग बक्सर की मासिक शैक्षिक ई-पत्रिका ‘बोधिका’ का अगस्त-2026 अंक जारी किया गया । इस अंक का लोकार्पण जिला शिक्षा पदाधिकारी इन्द्र कुमार कर्ण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनन्या व पत्रिका के संपादन मंडल से जुड़े सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया ।

इस दौरान अपने संबोधन में जिला शिक्षा पदाधिकारी इन्द्र कुमार कर्ण ने कहा कि ‘बोधिका’ केवल एक ई-पत्रिका नहीं बल्कि जिले में संचालित शैक्षिक गतिविधियों, नवाचारों, शिक्षकों के अनुभवों एवं विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को साझा करने का एक सशक्त माध्यम है । इस प्रकार के प्रयास शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देते हैं तथा अच्छे कार्यों व नवाचारों को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने में सहायक होते हैं । वहीं डिजिटल माध्यम से इसका प्रकाशन वर्तमान समय की शैक्षिक आवश्यकताओं के अनुरूप एक सराहनीय पहल है ।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करती हुई जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनन्या ने कहा कि ‘बोधिका’ के माध्यम से विद्यालयी शिक्षा से जुड़े विभिन्न आयामों को एक साझा मंच मिल रहा है । साथ ही शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मियों की रचनात्मक भागीदारी इस पत्रिका को निरंतर समृद्ध बना रही है । ऐसे प्रयास शिक्षण-अधिगम की नई अवधारणाओं, नवाचारों और उपयोगी शैक्षिक संसाधनों को साझा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं ।

अगस्त अंक में शिक्षा से जुड़े समसामयिक विषयों, शैक्षिक नवाचारों, शिक्षकों के अनुभवों, विद्यार्थियों की रचनात्मक गतिविधियों तथा जिले में संचालित विभिन्न शैक्षिक पहलों को स्थान दिया गया है। पत्रिका का उद्देश्य शिक्षा जगत से जुड़े सभी हितधारकों के बीच ज्ञान, अनुभव और नवाचार के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना तथा विद्यालयी शिक्षा में सकारात्मक बदलाव के प्रयासों को साझा करना है।
इस अवसर पर पत्रिका के संपादन एवं सहयोग से जुड़े सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही । इस मौके पर द्वय संभाग प्रभारी बक्सर सुरेंद्र प्रसाद सिंह व रामभजन राम, शिक्षक विमल कुमार सिंह, मो. इमाम अली अंसारी, डा. मृत्युंजय राय, सुगंधा कुमारी, नूपुर, रवि प्रकाश, रवि प्रकाश गुप्ता, राजेश कुमार राय, महताब अली सहित अन्य शिक्षाविद एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button