बाबा जंगली नाथ महादेव की वार्षिक पूजा संपन्न
बारिश व खस्ताहाल सड़क का असर - वार्षिक पूजा सह मेला में कम जुटे श्रद्धालु
रुद्राभिषेक, हवन व आरती के साथ हुई बाबा की विशेष पूजा
नारद टाइम्स/बक्सर/डुमरांव :- सोमवार को नगर के सबसे प्रसिद्ध शिव मंदिरों में से एक बाबा जंगलीनाथ महादेव की वार्षिक पूजा सह मेला विपरीत मौसम के बीच श्रद्धापूर्वक संपन्न हुई । इस दौरान सुबह 10 बजे से बाबा के गर्भगृह में रुद्राभिषेक शुरू हो गया । जो घंटों बाद हवन एवं आरती के साथ समाप्त हुआ । वहीं प्रातः मंदिर का पट खुलते ही बाबा जंगली नाथ महादेव का दर्शन करने के लिए बाबा के भक्तों का तांता लग गया । जो दोपहर हुई भारी बारिश के चलते काफी हद तक कम हो गया । वार्षिक पूजा के दौरान बाबा की विशेष पूजा एवं आरती में शामिल होकर स्थानीय विधायक राहुल सिंह एवं अनुमंडलाधिकारी राजीव कुमार ने नगर सहित पूरे अनुमंडल के लोगों की सलामती की कामना की । इस वार्षिक पूजा में बाबा जंगलीनाथ मंदिर जाने वाली सड़क की दुर्दशा बाबा जंगलीनाथ महादेव और उनके भक्तों के बीच रोड़ा बनी । जिसके चलते इस बार काफी सीमित संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन मंदिर परिसर में हुआ । जबकि नगर परिषद द्वारा जल जमाव वाले गड्ढों में ईंट का टुकड़ा डालकर उसको मोटरेबल बनाने का भरसक प्रयास किया गया था । जो पिछले 4 दिन से जारी बारिश के चलते और खतरनाक हो गया । जिसके चलते श्रद्धालु भक्तों को इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल था । बावजूद अपराहन बारिश बंद होने के बाद नगर के शिव भक्तों की टोली मंदिर परिसर पहुंचकर बाबा जंगलीनाथ महादेव का दर्शन-पूजन किया और सांध्य आरती में शामिल हुए । बाबा की वार्षिक पूजा तो संपन्न हुई । लेकिन शाम को लगने वाला मेला खराब मौसम और सड़क की बदहाल स्थिति के चलते पूरी तरह प्रभावित हुआ । वार्षिक पूजा के दौरान मुख्य आचार्य पं. विंध्याचल ओझा, पंडित संजीव मिश्रा, पंडित रोहित ओझा, पंडित बलिराम उपाध्याय, पंडित सोनू ओझा सहित आधा दर्जन से ज्यादा विद्वान पंडितों की देखरेख में रुद्राभिषेक सहित सारा पूजा-पाठ एवं आरती संपन्न हुआ । वार्षिक पूजा के आयोजन में जय बाबा जंगलीनाथ महादेव मंदिर नगर सेवा समिति के उपाध्यक्ष रमेश कुमार रौनियार, उपाध्यक्ष संतोष केशरी, मुख्य सलाहकार राजीव रंजन सिंह, सचिव राजू कुमार, राजकुमार शर्मा, दीपक कुमार, संटू यादव, विजय यादव के अलावा बाबा जंगलीनाथ महादेव के भक्तों में शुमार राजू सिंह की मुख्य भूमिका रही । मौके पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, सिटी मैनेजर स्तुति सिन्हा, बड़ा बाबू दुर्गेश सिंह अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद थे । इस दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में प्रियंका कुमारी उपस्थित रही । वहीं वार्षिक पूजा के दौरान मंदिर परिसर में एंबुलेंस सहित पूरी मेडिकल टीम मौजूद थी ।