डुमरांव में एनएच 120 पर पिकअप वैन पलटने से बाल-बाल बची
महीनों पूर्व से एनएच की सड़क गड्ढे में तब्दील

एनएच के गड्ढे में टायर फंसने से बनी दुर्घटना की स्थिति
नारद टाइम्स/डुमरांव :- नगर के राज उच्च विद्यालय खेल मैदान के मुख्य गेट के समीप एनएच 120 पर उभरे गड्ढे में टायर फंसने से डुमरांव से भोजपुर की ओर जा रही एक पिकअप वैन पलटने से बाल-बाल बची । पिकअप के चालक ने काफी प्रयास एवं सूझ-बूझ से गड्ढे से अपनी गाड़ी को निकाला । इस दौरान वहां पीछे से आ रही गाड़ियों की लंबी कतार लग गई । विदित हो की डुमरांव नगर के प्रवेश द्वार से लेकर पूरे स्टेशन रोड में महीनों पूर्व से एनएच 120 पर जगह-जगह गड्ढा उभर आया है । वहीं सड़क कई जगह टूट-फुट चुकी है । कुल मिलाकर सड़क की स्थिति पूरी तरह से बदहाल है । जिसके चलते लगभग प्रतिदिन गाड़ियों के पलटने और यात्रियों के चोटिल होने की घटनाएं होती रहती है । जिसको लेकर स्थानीय नगर वासियों सहित इस महत्वपूर्ण सड़क से यात्रा करने वाले लोगों में काफी आक्रोश है ।
इसको देखते हुए अनुमंडलाधिकारी का प्रभार संभालते ही नव पदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने इसपर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित संवेदक को 15 दिनों के अंदर एचएच 120 के गड्ढे को भरने का आदेश दिया है । साथ ही 15 दिनों में सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने पर संवेदक के खिलाफ एफआईआर करने की बात कही है । वहीं नो इंट्री के समय में बदलाव करते हुए ट्रकों के नगर में प्रवेश के लिए रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक का समय निर्धारित किया है । जिसके बाद डुमरांव नगर वासियों सहित इस एनएच से होकर यात्रा करने वाले लोगों को इस बरसात के मौसम में सड़क की नारकीय स्थिति से फौरी निजात मिलने की उम्मीद जगी है ।